किठौर। नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवार वोटरों को मनाने में जुट गए हैं। वहीं, उम्मीदवारों ने जनसंपर्क तेज कर दिया है। नामांकन प्रक्रिया के बाद प्रत्याशी दिनभर समर्थकों के साथ चुनावी चर्चा करते दिखे। वहीं, हाल ही में बनी नगर पंचायत शाहजहांपुर में चुनाव को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। ऐसे में चेयरमैन पद के लिए लंबी कतार है। शाहजहांपुर में बसपा से राना खान, सपा से यासमीन खान, आप से शादमा खान, भाजपा से आयशा समेत 18 उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए हैं। वहीं, सभासद पदों के लिए दावेदारों की भरमार है। 13 वार्डों के लिए 75 उम्मीदवार चुनाव में किस्मत अजमा रहे हैं। वहीं, चुनाव में डटे सभी उम्मीदवार मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के प्रयास में जुट चुके हैं। वहीं, सभासद पद के प्रत्याशी वोट पाने के लिए जनसंपर्क में लग गए हैं।