सरधना। जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह की प्रवेश परीक्षा के लिए अब ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन फार्म भरकर जमा कर सकते हैं। बेसिक शिक्षा कार्यालय पर बुधवार को खंड शिक्षा अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य आरके जैन ने उक्त जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय सह शिक्षा वाला आवासीय विद्यालय है। इनमें कक्षा छह से 12 तक के प्रतिभाशाली बच्चों को गुणवत्तापूर्ण आधुनिक शिक्षा प्रदान की जाती है। इसमें प्रवेश परीक्षा के लिए फॉर्म 25 नवंबर तक ऑनलाइन एवं ऑफ़लाइन दोनों भरे जा सकते हैं। प्रधानाचार्य द्वारा सभी जनसेवा केंद्र के संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालयों पर स्वत: जाकर इच्छुक अभ्यर्थियों के परीक्षा फॉर्म भरें। इस दौरान नगर शिक्षा अधिकारी एसके गिरी, खंड शिक्षा अधिकारी ध्यानचंद, रामकेश सिंह, शीशपाल सिंह, लक्ष्मीकांत, उदित कुमार, शिक्षक आरसी पांडेय, एसके गुप्ता तथा सहज जनसेवा केंद्र के संचालक मौजूद रहे