मवाना। गांव असीलपुर निवासी ग्रामीणों ने डीलर के खिलाफ राशन नहीं बांटने का आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी से शिकायत की।
असीलपुर के ग्रामीणों ने बताया कि राशन की दुकान गांव नदलीपुर से अटैच है। जिसके चलते ग्रामीणों को राशन लेने वहां जाना पड़ता है। आरोप है कि डीलर दूसरे स्थान पर राशन बांट रहा है। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राशन डीलर पार्टी बाजी कर राशन सही तरीके नहीं बांट रहा है। इतना ही नहीं अभद्रता भी करता है। गांव के करीब 200 राशन कार्ड धारकों को राशन नहीं मिला है। ग्रामीणों का कहना कि इस संबंध में कई बार शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई है। डीलर का कहना है कि राशन नियमानुसार बांटा जा रहा है। असीलपुर गांव की दुकान अगस्त में उसके यहां अटैच की गई है। उसके काफी कार्ड धारकों ने दोबारा राशन ले लिया। जिस कारण कुछ ग्रामीण वंचित रह गए। कई कार्ड गलत पकडे़ जाने पर सप्लाई इंस्पेक्टर से शिकायत की है। उन्होंने इस मामले की जांच कराने का आदेश दिया है। शिकायत करने वालों में खालिद, रईस, मंगतेराम एवं कालू आदि मौजूद रहे।