माछरा। ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम नंगली अब्दुल्ला, कासमपुर में स्वच्छता अभियान के तहत परिषदीय स्कूल के बच्चों ने शनिवार को जनजागरूकता रैली निकाली। इतना ही नहीं जगह-जगह नारों द्वारा ग्रामीणों को समझाया गया कि खुले में शौच जाना बीमारियों को न्यौता देना है। इसलिए घर में बने शौचालय का ही प्रयोग करें। केंद्र सरकार ऐसे लोगों के यहां शौचालय बनवा रही है जो गरीब हैं। वे शौचालय नहीं बनवा सकते हैं। उन्हें सरकारी धन से शौचालय बनाकर दिया जा रहा है। नंगली अब्दुल्ला के ग्राम प्रधान दीपक त्यागी ने कहा कि उनका गांव खुले में शौच से मुक्त है। तत्कालीन डीएम बी. चंद्रकला ने उन्हें प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया था। उनका प्रयास है कि शौचालय के साथ-साथ गांव में सफाई भी रहे। जिससे गंदगी पैदा न हो सके तथा कूड़ा निश्चित स्थान पर ढककर रखा जाए। गंदगी से अनेक बीमारियां जन्म लेती हैं।