बुधवार दोपहर हाईवे पर मटौर पावर ग्रिड के सामने हादसा, बाल-बाल बचे सवार
अमर उजाला ब्यूरो
दौराला। हाईवे पर स्टंट कर रहे दो युवकों की कारें टकराने के बाद डिवाइडर पर चढ़कर पलट गईं। गनीमत रही के हादसे में किसी भी कार सवार को चोट नहीं लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त कारों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। मेरठ-रुड़की रोड़ निवासी छह युवक दो कारों में सवार होकर बुधवार दोपहर खतौली की ओर जा रहे थे। दोनों कारों में तीन-तीन युवक बैठे थे। जब वह हाईवे पर मटौर पावर ग्रिड के सामने पहुंचे तो दोनों चालकों ने कार की रफ्तार बढ़ाकर स्टंट दिखाते हुए ओवरटेक करने लगे। इसी दौरान कारें भिड़ गईं। तेज रफ्तार होने के कारण डिवाईडर पर चढ़कर पलट गईं। हादसे के बाद मौके पर जमा लोगों ने क्षतिग्रस्त कारों से युवकों को बाहर निकाला। सूचना पर दौराला पुलिस ने मामले की जानकारी ली और चुटहिल युवकों का उपचार कराया। मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नही की।