सरधना। खिर्वा जलालपुर में दलित समाज के लोगों ने उनकी बस्ती में विकास कार्य नहीं कराने का आरोप लगा तहसील मुख्यालय पर मंगलवार को प्रदर्शन किया। नाली खड़ंजा निर्माण के साथ ही सोलर लाइट नहीं लगवाने का आरोप लगा प्रधान के खिलाफ नारेबाजी की। एसडीएम राकेश कुमार ने शिकायती पत्र पर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर प्रदर्शन करने वालों में बबलू, रूपसिंह, सुरेश, बबीता, रेखा, सुशीला, बीरमति, रतन सिंह, सरोज, बंटी देवी आदि शामिल रहीं। इस संबध में खिर्वा के प्रधान पति इरफान से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। वहीं एसडीएम राकेश कुमार ने बताया कि खिर्वा के ग्रामीणों ने दलित बस्ती में विकास नहीं कराने की शिकायत की है। मामले की जांच कराई जायेगी।