खरखौदा। पुलिस ने कस्बा में एक युवक को कबाड़ी की दुकान पर चोरी का ई रिक्शा बेचते दबोच लिया। आरोपी ने पांच और रिक्शा बेचने स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली कि कौल रोड पर सपा नेता की मार्केट में एक कबाड़ी की दुकान पर चोरी के ई रिक्शों की खरीद होती है। बृहस्पतिवार को भी एक रिक्शा बेचने की सूचना मिली। पुलिस ने दुकान पर छापा मारकर एक युवक को ई रिक्शा सहित दबोच लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम असलम पुत्र अखतर निवासी चमार दरवाजा थाना ब्रह्मपुरी मेरठ बताया है। आरोपी ने बताया कि उसने रिक्शे को मेरठ में ही बेगमपुल स्थित हास्पिटल के सामने से चुराया था। आरोपी ने बताया कि इससे पहले भी आरोपी इसी कबाड़ी को चोरी के चार रिक्शे बेच चुका है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर रिक्शा को कब्जे में ले लिया। मामले में थानाध्यक्ष प्रमोद गौतम ने बताया कि मामले में कबाडी को भी नामजद किया जा रहा है।