मोदीपुरम। तहसील दिवस में मंगलवार को सिवाया गांव के ग्रामीणों ने डीएम से राशन डीलर पर ब्लैक में राशन की बिक्री करने का आरोप लगाया। इस पर डीएम के आदेश पर एरिया राशन ऑफिसर (एआरओ) मौके पर पहुंचे। वहां एजेंसी का मुख्य गेट खुला था, जबकि अंदर का बंद था। मौके पर राशन विक्रेता सुजीत नहीं मिला। इस दौरान वहां पहुंचे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राशन विक्रेता आधे से अधिक का राशन ब्लैक कर कर रहा। इस कारण वह राशन का वितरण भी नहीं करता। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में एक अन्य राशन एजेंसी है, वहां पर भी राशन को ब्लैक में बेचा जा रहा है। एआरओ मनोज कुमार ने कहा कि राशन विक्रेता को बुलाया गया है। अगर राशन में घालमेल मिला तो कार्रवाई की जाएगी।