रोहटा। एक सप्ताह पूर्व गांव रोहटा निवासी रूकन गिरी पुत्र ओमप्रकाश और प्रताप पुत्र महावीर अमानुल्लापुर मार्ग पर पशु चरा रहे थे। इसी दौरान महिन्द्रा पिकप गाड़ी और अपाचे बाइक सवार आधा दर्जन बदमाश आ धमके। वे इनसे तमंचे के बल पर दो भैंस लूट ले गए थे। इस पर पीड़ितों ने मुकदमा कायम कराया था। इसके अगले दिन इन बदमाशों ने पुरा गांव के जंगल में पशु चरा रहे सुभाष पुत्र नवाब, सलमू पुत्र शमशेरा के चार पशु लूट लिये थे। इन दोनों को बंधक बनाकर खेत में डाल दिया था। इन बदमाशों की गाड़ी बीच रास्ते में फंस गई थी। बंधनमुक्त होकर पशुपालकों ने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दे दी थी। इस पर ग्रामीणों ने गाड़ी समेत बदमाशों को घेर लिया था। हालांकि बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकल थे। पुलिस ने गाड़ी में मिले आधार कार्ड के आधार पर बदमाश राहिल पुत्र वसीम निवासी इस्लामाबाद सरधना को दबोच कर शिनाख्त कराई। उसके चार अन्य साथी रहीस पुत्र यूसुफ, शादाब पुत्र मोमीन, छोटे पुत्र इस्लाम निवासीगण इस्लामाबाद सरधना, मुनाजिर पुत्र वारिस निवासी गांव तिरपनी थाना सिंघावली बागपत हैं। पुलिस ने राहिल को जेल भेज दिया है। हालांकि रोहटा में हुई पशु लूट का मुकदमा दर्ज नहीं किया है। पीड़ित रुकन एवं प्रताप ने रिपोर्ट दर्ज कराने की गुहार लगाई है। वहीं, एसओ रोहटा रविंद्र पत का कहना है कि मुकदमा कायम किया जा रहा है। रविवार को एक सप्ताह पुरानी घटना का मुकदमा कायम किए जाने से अदालत में मुल्जिमों को पुलिस ने अवश्य राहत देने का काम किया है।