खरखौदा। कौल रोड पर ट्रांसफार्मर से पोल में उतरे करंट की चपेट में आकर शुक्रवार को एक सांड़ की मौत हो गई। दुकानदारों ने बिजली उपकेंद्र सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई। शुक्रवार को बारिश के कारण में कौल रोड पर मढैया तिराहे पर लोहे के पोल के ऊपर रखे ट्रांसफार्मर से पोल में करंट उतर आया। इससे जमीन के कुछ हिस्से में भी करंट फैल गया। शाम को एक सांड़ से गुजरा तो वह करंट की चपेट में आ गया। दुकानदारों ने उसे तड़फते देखा तो बिजली उपकेंद्र को सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई। लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। व्यापारियों ने विद्युत निगम पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। बाद में मौके पर पहुंचे बिजली कर्मचारियों ने मामले की जांच कर लोगों को शांत कराया।