सरधना। मोहल्ला कुम्हारान मेें शुक्रवार दोपहर बारिश के दौरान बिजली का तार टूट गया। तार की चपेट में आने से एक महिला को करंट लग गया। इससे वह बेहोश हो गई। लोगों ने बिजलीघर फोन कर बिजली आपूर्ति को बंद कराया। मोहल्ला कुम्हारान निवासी याकूब समेत कई लोगों के मकान से ऊपर से एलटी लाइन गुजरी है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि विद्युत लाइन के तार जर्जर हो चुके हैं। कई बार शिकायत के बाद भी विद्युत निगम ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। शुक्रवार को बरसात के दौरान अचानक विद्युत लाइन का तार टूटकर याकूब के मकान पर गिर गया। इससे याकूब की पत्नी हसीना को करंट लग गया और वह बेहोश हो गई। मोहल्ले के लोगों ने घरों के ऊपर से बिजली लाइन हटवाने की मांग को लेकर हंगामा किया। हंगामा करने वालों में कासिम, नौशाद, जावेद, सलीम, इमरान, शहजाद आदि शामिल रहे।