गंगानगर। सैनी गांव स्थित पेपर मिल के सामने सोमवार आधी रात तेज रफ्तार फोर्ड कार सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर में जा घुसी। कार में सवार दो लोग इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची इंचौली पुलिस ने आसपास के लोगों की सहायता से कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कार को कंटेनर से निकाला जा सका। इंचौली थाने के एसआई अशोक कुमार के मुताबिक दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। हालांकि कोई तहरीर नहीं मिली है।