मोदीपुरम। बारिश के बाद दो दिन से फिर तापमान बढ़ने लगा है। बढ़ती तपिश और चढ़ता पारा भादों की गर्मी में भी जेठ की गर्मी का अहसास करा रही है। आसमान पर हल्के बादल भी दिख रहे है, लेकिन बारिश नहीं हो रही है। सोमवार को भी गर्मी के तेवर सुबह से ही तल्ख नजर आए। मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 83 और न्यूनतम 62 प्रतिशत दर्ज की गई। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एम शमीम का कहना है कि आसमान पर बादल तो दिखाई देंगे, लेकिन अच्छी बारिश की संभावना कम है। पारे में भी उतार चढ़ाव जारी रहेगा।