बॉस्केटबॉल चैंपियनशिप में गोरखपुर ने बनाई बढ़त
मेरठ। मेरठ पब्लिक गर्ल्स स्कूल कैंट में चल रही 19वीं यूपी यूथ बास्केटबॉल चैंपियनशिप के दूसरे दिन गोरखपुर की टीमों का जलवा रहा। स्टेट बास्केटबाल एसोसिएशन की ओर से पांच दिवसीय चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने जबरदस्त कमाल दिखाया। बालक वर्ग के मैच सहारनपुर, गोरखपुर, कानपुर, वाराणसी, इलाहाबाद व अलीगढ़ की टीमों में हुए। गोरखपुर व कानपुर के बीच हुए मुुकाबले में 59-30 से गोरखपुर की टीम विजेता रही। इलाहाबाद व गोरखपुर के मुकाबले में 63-26 से गोरखपुर की टीम ने जीत दर्ज कराई। बालिका वर्ग के मुकाबले आगरा, मुरादाबाद, गोरखपुर व इलाहाबाद के बीच हुआ। आगरा व मुरादाबाद के मुकाबले में 47-08 से आगरा की टीम ने झंडा गाड़ा। गोरखपुर व इलाहाबाद के बीच हुए मैच में 47-36 से गोरखपुर विजेता बना। लखनऊ व बुलंदशहर के बीच हुए मुकाबले में 30-10 के स्कोर से लखनऊ की टीम विजेता बनी। वाराणसी व बरेली के बीच हुए मैच में 59-33 से वाराणसी की टीम विजेता बनी। एमपीएस ग्रुप के डायरेक्टर विक्रमजीत सिंह शास्त्री, संस्थापक ताराचंद शास्त्री व प्रिंसिपल संजीव अग्रवाल, मधु सिरोही ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। मिर्जा बेग ने बताया कि चैंपियनशिप में लड़कियों की 12 टीमें व लड़कों की 18 टीमें भाग ले रही हैं। यूपी पुलिस व यूपीबीए की टीम के निर्देशन में पूरा मैच हुआ। प्रतियोगिता के संयोजक जिला बास्केटबाल संघ के सचिव मिर्जा रहे। सदस्यों ने सहयोग दिया।