मंगल पांडे प्रतिमा स्थल पर सफाई अभियान
मेरठ। स्वच्छता ही देश की पहचान बने ऐसा ही दृढ़ संकल्प लिए दो प्लाटून यूपी बटालियन एनसीसी डीएन इंटर कॉलेज के कैडेट्स ने बृहस्पतिवार को स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत अभियान के तहत बुढ़ाना गेट स्थित मंगल पांडे की प्रतिमा एवं उसके आस पास साफ-सफाई की। इस अभियान के माध्यम से आम नागरिक को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और अमर क्रांतिकारी शहीद मंगल पांडे की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया। मेजर सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि स्वच्छता की भावना का विकास तन-मन की शुद्घि से होता है। मन में यदि अच्छे विचार हैं तो अपने स्वयं के साथ-साथ समाज के प्रति दायित्वों की भी समझ पैदा होती है। उन्होंने बताया कि अपना मेरठ साफ हो लेकिन सबका साथ हो की भावना जब तक हर मेरठ वासी के मन में नहीं होगी तब तक मेरठ महानगर स्वच्छ नहीं बन सकता। इसलिए हर व्यक्ति को बदलाव लाने की आवश्यकता है, उन्होंने पॉलीथिन का प्रयोग बंद करने का भी आह्वान किया। इस दौरान विद्यालय के मंत्री दयानंद गुप्ता एवं प्रधानाचार्य सुशील कुमार सिंह ने भी स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। सफाई अभियान के दौरान सूबेदार, संजय सहित कैडेट शिवम, अंकुश, दिलशाद, आकिब, रितिक, अंजलि आदि रहे।