निगम की ट्यूबवेल को बना दिया मयखाना
मेरठ। नगर निगम के 156 से अधिक ट्यूबवेल हैं। इनमें से काफी ट्यूबवेलों का संचालन ठेके पर दिया हुआ है। हाल ही में ट्यूबवेल संचालन का ठेका छूटा है। एक दिन पहले ठेकेदार को कार्य आदेश मिला है। ठेकेदार महेश बाली और नगर निगम के लेखाधिकारी मनोज त्रिपाठी ने कई ट्यूबवेलों पर छापा मारा। इस दौरान लेखाधिकारी को पीवीएस के निकट पार्क स्थित ट्यूबवेल पर तैनात ऑपरेटर अपने साथियों के साथ ट्यूबवेल परिसर में शराब पीता हुआ मिला। वहीं ठेकेदार महेश बाली को नौचंदी मैदान स्थित ट्यूबवेल पर ताला लटका मिला। लेखाधिकारी ने ठेकेदार को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं। उधर, ठेकेदार महेश बाली का कहना है कि ट्यूबवेलों से नदारद मिलने वाले आपरेटरों को हटा दिया गया है।