वाद-विवाद में अर्पिता ने जीती चल वैजयंती
मेरठ। उत्तर प्रदेशीय महिला मंच की ओर से रविवार को मंगल पांडे नगर स्थित दिव्य किरण कांफ्रेंस हॉल में वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रो. आरडी जैन की स्मृति में हुई प्रतियोगिता का विषय ‘अर्थशास्त्र बिन अर्थहीन सब शास्त्र’ रखा गया। प्रतियोगिता में शहर के 12 विद्यालयों की छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं ने अर्थशास्त्र का महत्व बताते हुए विचार रखे। प्रतियोगिता में सेठ बीके माहेश्वरी गर्ल्स इंटर कॉलेज की अर्पिता ने चल वैजयंती जीती। दूसरे स्थान पर खालसा गर्ल्स इंटर कॉलेज की जोया रहीं। तीसरी विजेता सेंट थॉमस इंग्लिश मीडियम की समरीन, बालेराम ब्रजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज की गीतांजलि एवं खालसा गर्ल्स इंटर कॉलज की बुश्रा बनीं। प्रतियोगिता के अंत में मुख्य अतिथि प्रमोद शर्मा ने छात्राओं को संबोधित किया। मंच की महासचिव ऋचा जोशी ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस मौके पर विवेक जैन, डॉ. अखिल प्रकाश, डॉ. वरद गुप्ता, पूनम, मनु, वंदना अग्रवाल एवं डॉ. अर्चना जैन मौजूद रहे।