मेरठ। सर्दियों से लेट चल रही संगम एक्सप्रेस समय की पटरी पर नहीं लौट पा रही है। आठ महीनों में ट्रेन सिर्फ तीन बार ही राइट टाइम पहुंची है। इसे समय की पटरी पर लाने के लिए चार बार रद किया जा चुका है। रविवार को भी यह ट्रेन निर्धारित आगमन समय से छह घंटे की देरी से दोपहर करीब एक बजे पहुंची। विंटर सीजन में इसके साथ ही लेट हुई नौचंदी एक्सप्रेस लगातार यात्रियों को राहत पहुंचा रही है। रविवार को भी नौचंदी एक्सप्रेस राइट टाइम पहुंची। देहरादून व मुंबई के बीच चलने वाली देहरा-बांद्रा एक्सप्रेस भी पिछले एक महीने से लेट पहुंच रही है। रविवार को भी यह ट्रेन करीब तीन घंटे देरी से पहुंची।