मुंडाली थाना पुलिस द्वारा सीज किये गये डंपर। स्त्रोत:- संवाद
मुंडाली। मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव बढ़ला कैथवाड़ा के जंगल से मिट्टी उठान में लगे 14 डंपर को पुलिस ने जब्त किया है। भारतीय किसान यूनियन किसान सभा के जिलाध्यक्ष शुभम त्यागी ने बताया कि क्षेत्र में किसानों के खेत तालाब बन रहे हैं। वह इसी को लेकर काफी दिनों से मांग रहे थे कि मिट्टी का उठान कम किया जाए। मिट्टी उठाने के दौरान अनेक किसानों के खेत की डोल भी काट दी गई। इसे लेकर मंगलवार को सीओ किठौर प्रमोद कुमार और एसओ मुंडाली दिव्य प्रताप सिंह के नेतृत्व में संज्ञान लिया गया और जिला खनन अधिकारी को अवगत कराया गया। उन्होंने मानक से अधिक मिट्टी उठाने के आरोप में 14 डंपर और दो अन्य वाहन को जब्त कर पुलिस चौकी मऊखास पर खड़ा कर दिया। पुलिस ने बताया कि आगे की कार्रवाई खनन विभाग के अधिकारियों द्वारा की जाएगी। खनन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि काफी दिन से शिकायत मिल रही थी कि यह डंपर सरकारी कार्य के साथ निजी भराव आदि कार्य भी कर रहे थे। इनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।