सरधना। मेरठ-करनाल हाईवे पर शुक्रवार को मेरठ की तरफ से आ रही सरियों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई थी। पांचली निवासी 26 साजिद पुत्र रहीस मेरठ से ट्रैक्टर-ट्रॉली में सरिये लेकर पांचली जा रहा था। करनाल हाईवे पर पोहल्ली के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। जिसमें साजिद ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने साजिद को कैलाशी अस्पताल में भर्ती कराया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना का पता चलते ही थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने परिजनों से जानकारी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। देर रात शव घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। रात में ही परिजनों ने गमगीन माहौल में शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। इस मामले में मृतक के परिजनों की ओर से थाने में तहरीर दी गई है।