अलवी समाज के उत्थान की मांग की
मेरठ। चैंबर भवन रोडवेज बस अड्डे के सामने सोमवार को जमात-ए-अलविया हिंद एवं अलवी एजूकेशन वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में सम्मेलन एवं ईद मिलन समारोह आयोजित किया गया। जिसमें अलवी बिरादरी के शिक्षा के क्षेत्र में व आर्थिक पिछड़ेपन एवं बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष हाजी ताज मोहम्मद अलवी ने सरकार से मांग की है कि अलवी समाज (फकीर बिरादरी) को अति पिछड़े वर्ग की श्रेणी के तहत विशेष सहायता और विकास कार्यों में वरीयता दी जाए। उन्होंने सम्मेलन में निर्णय लिया कि राष्ट्र स्तर पर समाज के उत्थान के लिए कमेटी का गठन होगा जो अलवी बिरादरी की तरक्की व उनकी समस्याओं के निराकरण की समीक्षा करेगी और साथ ही अलवी बिरादरी की राजनीतिक पहचान बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने गजट में फकीर शब्द की जगह अलवी शब्द इस्तेमाल किए जाने की भी सरकार से मांग की है। सम्मेलन में क्षेत्र की विभिन्न बिरादरी के अध्यक्षों एवं गणमान्य नागरिकों सहित इंटर व हाईस्कूल परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण छात्रों को भी पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. फारूक अलवी ने किया, जिसमें कारी शफीकुर्रहमान, मौ.उमर, लियाकत अली, इस्लाम पहलवान, हाजी नसीम, हाजी गुफरान, डॉ. मोहम्मद आरिफ, अल्ताफ हुसैन, हाजी मास्टर शमीम, हाजी मोहम्मद अख्तर, नूर मोहम्मद, मोहम्मद हनीफ, अबरार अहमद आदि रहे।
खास बातें:
जमात-ए-अलविया का सम्मेलन और ईद मिलन कार्यक्रम आयोजित