चक्का जाम की तैयारी में जुटे रोडवेज कर्मचारी
मेरठ। मांगों के नहीं माने जाने से खफा यूपी रोडवेज इंप्लाइज यूनियन ने आगामी 11 अप्रैल को प्रदेश की बसों का चक्का जाम करने की तैयारी शुरू कर दी है। इस कड़ी में बुधवार को भैसाली डिपो में बैठक कर कर्मचारियों से एकजुट होकर चक्का जाम करने का आह्वान किया गया। शाखा मंत्री राजेश त्यागी ने बताया कि संगठन ने प्रबंधन को 16 सूत्रीय मांग ज्ञापन दिया था। लेकिन इस पर विचार नहीं किए जाने से कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। इसके चलते ही संगठन ने 11 अप्रैल को बसों का चक्का जाम करने का फैसला लिया है। इस मौके पर क्षेत्रीय अध्यक्ष सुहेल अहमद, मंत्री वीरेंद्र सिंह, श्रीभगवान मित्तल, उमेश गिरी, सोबन सिंह, दिनेश सैंगर, पवन कुमार, सदानंद त्यागी, वीरसैन, देवेंद्र दत्त आदि मौजूद रहे।