मेरठ। सातवां वेतन आयोग लागू नहीं करने और विभाग के निजीकरण के विरोध में बिजली कर्मचारी और अधिकारी एक मंच पर लामबंद हो गए हैं। शुक्रवार को विक्टोरिया पार्क स्थित शक्ति क्लब में विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति उत्तर प्रदेश की बैठक हुई। इसमें समिति संयोजक सीपी सिंह ने कहा कि जून में समिति प्रतिनिधिमंडल ने प्रबंधन के साथ बैठक कर मांगे उठाई थी। प्रबंधन ने मांगों को पूरा करने और सातवां वेतन आयोग अगस्त में देने का वादा किया था, लेकिन वादा पूरा नहीं किया गया। इसके विरोध में अधिकारी और कर्मचारी एकजुट होकर 30 अगस्त को प्रदेशभर में सत्याग्रह करेंगे। अगर इसके बाद भी मांग पूरी नहीं हुई तो 12 सितंबर से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार किया जाएगा। अध्यक्षता जयभगवान शर्मा ने की और संचालन नरेश शर्मा ने किया। ओपी तेवतिया, राजेंद्र, महावीर सिंह, दिलमणी थपलियाल, दीपक कश्यप, सोहेल आबिद, श्रीचंद्र, रामनिवास त्यागी आदि मौजूद रहे।