आनंद अस्पताल में रोबोटिक विधि ओपीडी का शुभारंभ
मेरठ (ब्यूरो)। आनंद अस्पताल में बृहस्पतिवार को रोबोटिक विधि द्वारा नाक, कान और गला कैंसर की सर्जरी के लिए ओपीडी का शुभारंभ हो गया। अस्पताल के श्रीराम सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान फोर्टिस अस्पताल के कैंसर विशेषज्ञ डॉ. सुरेंद्र डबास ने बताया कि तंबाकू के सेवन से नाक, कान, गला कैंसर बढ़ रहा है। मरीज को समय से इसका इलाज कराना चाहिए। पूरी दुनिया के लगभग 30-40 प्रतिशत कैंसर से ग्रसित रोगी भारत में हैं। उन्होंने बताया कि लगभग चार लाख लोगों में प्रतिवर्ष नाक, गला और कान का कैंसर पाया जाता है। आनंद अस्पताल में ओपन सर्जरी, एंडोस्कोपिक, लेजर सर्जरी के साथ अब रॉबोटिक सर्जरी की जाएगी। सर्जरी करने वाले रोबोट को नियंत्रित करने की डोर सर्जन के पास होती है। इसमें हाथ की तरह यंत्र होते हैं और बीच में थ्रीडी कैमरा होता है। इस सर्जरी में खून कम बहता है। अस्पताल के निदेशक एवं नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ डॉ. गौतम आनंद ने बताया कि अस्पताल में पहली बार रोबोटिक सर्जरी का शुभारंभ किया गया है। डॉ. पुनीत भार्गव, डॉ. संजीव भाटिया, डॉ. एनपी सिंह और डॉ. अजय गुप्ता मौजूद रहे।