मेरठ। चलती बस में फैज-ए-आम इंटर कॉलेज के बारहवीं के छात्र सिवालखास निवासी कासिम ने दसवीं के छात्र को फंसाने के लिए खुद पर गोली चला दी। गोली कासिम की हथेली को चीरते हुए दूसरे छात्र खुर्शीद की जांघ में लग गई। आठ घंटे तक छात्र दसवीं के छात्र व उसके साथियों पर गोली चलाने का आरोप लगाकर पुलिस को गुमराह करते रहे। सीसीटीवी की जांच के बाद पुलिस ने कासिम के बैग से तमंचा बरामद कर खुलासा कर कासिम, खुर्शीद और इनके साथी शादाब पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया है।
सिवालखास निवासी कासिम, खुर्शीद और शादाब फैज-ए-आम इंटर कालेज में 12वीं कक्षा के छात्र हैं। कॉलेज की शुक्रवार को छुट्टी होती है, जबकि रविवार को कॉलेज खुलता है। काॅलेज में अर्द्धवार्षिक परीक्षा चल रही थी। बृहस्पतिवार को कालेज के स्टाफ की तरफ से दोनों कक्षाओं के छात्रों की एक साथ परीक्षा कराई। इस दौरान कक्षा 10 के लिसाड़ी गेट निवासी छात्र ने थूक दिया था। शादाब ने इसका विरोध किया तो उनके बीच कहासुनी हो गई थी। दाेनों छात्रों ने एक दूसरे को देख लेने की धमकी दी थी। हालांकि स्कूल स्टाफ ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला निपटा दिया था।
विवाद की आशंका से प्रधानाचार्य ने दसवीं के छात्र को कॉलेज में रोका
रविवार को आखिरी पेपर खत्म होने के बाद प्रधानाचार्य शारिक मोहम्मद ने विवाद की आशंका के चलते दसवीं के छात्र को अपने कार्यालय में बैठा लिया था। परीक्षा खत्म होने के बाद कासिम, खुर्शीद और शादाब मेरठ से सिवालखास अनुबंधित बस में बैठकर अपने गांव जा रहे थे। उमर को फंसाने के लिए मेट्रो प्लाजा चेक पोस्ट के पास जब बस पहुंची तो कासिम ने अपने हाथ पर गोली चलाई।
फुटेज से पता चला दसवीं का छात्र स्कूल में था
छात्रों ने दसवीं के छात्र व उसके तीन साथियों पर गोली चलाने का आरोप लगाकर पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने इनकी बात का विश्वास करते हुए जिला अस्पताल में भर्ती कराकर जांच शुरू की। इसमें पता चला कि घटना के समय दसवीं का छात्र कॉलेज में था। सीसीटीवी फुटेज में भी मेट्रो प्लाजा के आसपास दसवीं का छात्र या उसके साथी नहीं दिखे। गहनता से पूछताछ की तो 12 वीं के छात्रों ने खुद गोली चलाने की बात स्वीकार की है।
दसवीं के छात्र की हत्या का था इरादा
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि दसवीं के छात्र पर गोली चलाने के इरादे से तीनों छात्र तमंचा लेकर आए थे। लेकिन दसवीं के छात्र कॉलेज से बाहर न आने पर आरोपियों ने उसे फंसाने की साजिश रची। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। सीसीटीवी की मदद से पूरी घटना का खुलासा हुआ है।
आरोपी बोले तमंचा दिखाते समय चली गोली
आरोपी कासिम ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों को चलती बस में तमंचा दिखा रहा था। इस दौरान गोली चलने से हादसा हुआ। लेकिन बाद में उन्होंने खुद को बचाने के लिए दसवीं के छात्र व उसके साथियों पर गोली चलाने का आरोप लगाया।