89 की उम्र में जीते तीन मेडल
मोदीपुरम (मेरठ)। आंध्र प्रदेश में हाल ही में संपन्न हुई 40वीं मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पल्लवपुरम के भरत सिंह (89) वर्ष ने तीन मेडल जीतकर जिले व क्षेत्र का नाम रोशन किया। मूलरूप से अलीगढ़ जनपद के अतरौली तहसील के गांव खेड़िया बहादुर गठी के रहने वाले भरत सिंह वर्तमान में पल्लवपुरम में रह रहे हैं। भरत सिंह ने बताया कि आंध्र प्रदेश के आचार्य नागार्जुन विवि गुंटूर में 5 से 10 फरवरी तक चैंपियनशिप आयोजित की गई। भरत सिंह ने प्रतियोगिता में लंबीकूद में गोल्ड, ट्राफी और 400 मीटर दौड़ में दो सिल्वर मेडल जीते। उन्होंने तीन मेडल जीतकर मेरठ का नाम रोशन किया। इस उम्र में भी उनके इस जज्बे को परिजनों व क्षेत्र के लोगों ने सराहा। परिजन उनके आने पर जोरदार स्वागत की तैयारी में जुटे है।