रमजान में विशेष सफाई अभियान के निर्देश
मेरठ। रमजान के महीने में नगर निगम ने शहर में खासकर मुस्लिम बहुल इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया है। मंगलवार को नगरायुक्त मनोज कुमार चौहान ने कैंप कार्यालय पर बैठक करके सफाई इंस्पेक्टरों को निर्देश दिए कि रमजान माह में सफाई अभियान चलाया जाए। निरीक्षण के दौरान गंदगी मिलने पर सफाई इंस्पेक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निर्देश दिए कि जिन नए वार्डों में आउट सोर्सिंग के सफाई कर्मी भेजे गए हैं, अगर वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचते हैं तो उनकी सूची तैयार की जाए। ताकि उनको नौकरी से निकाला जा सके। उधर, महापौर सुनीता वर्मा ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को सफाई व्यवस्था सुधारने, मुख्य अभियंता को टूटी सड़कें ठीक करने, महाप्रबंधक जल को पर्याप्त पानी की व्यवस्था कराने, मार्ग प्रकाश प्रभारी को सभी लाइटों को ठीक कराने के निर्देश दिए हैं।