सफाई कर्मचारियों का डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन
मेरठ। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर बुधवार को डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया। संगठन पदाधिकारियों ने मांग की कि पंचायत विभाग के सफाई कर्मचारियों को ग्राम पंचायत अधिकारी के पदों पर पदोन्नति के अवसर प्रदान किए जाएं और पेरोल व्यवस्था खत्म की जाए। इस दौरान जिलाध्यक्ष नरेन्द्र भराला ने कहा कि निदेशालय द्वारा सफाई कर्मचारियों को सुपरवाइजर के पद स्वीकृत किए जाएं। जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय एवं विकास खंडों से संबद्ध सफाई कर्मचारियों को तत्काल ग्राम पंचायतों में भेजा जाए। संगठन के जिला महामंत्री जयविन्द्र कुमार ने कहा कि नई पेंशन को समाप्त कर पुरानी लागू की जाए। इन्होंने नौ सूत्रीय मांगों को लेकर संगठन की तरफ से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। इस दौरान संगठन के लोग मौजूद रहे।