कन्या भारती का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित
मेरठ। बालेराम ब्रजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज शास्त्री नगर में बृहस्पतिवार को कन्या भारती का शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कन्या भारती विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं की समिति विद्यालय के विभिन्न कार्यों में सहयोग करती है। शुभारंभ एमएलसी डॉ. सरोजनी अग्रवाल ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जलित कर किया। सरस्वती वंदना के बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में कन्या भारती के विभिन्न पदाधिकारियों गीतांजलि, यशस्विनी, सिमरन कपूर, निशा तोमर, अनु मित्तल, मानसी, मनु कश्यप, स्वाति, नंदिनी, ऋतिका चौधरी आदि को डॉ. सरोजनी अग्रवाल द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। उन्होंने कन्या भारती के सांसदों को पद के अनुरूप प्रमाणिकता से कार्य करने की प्रेरणा दी और मंत्रिमंडल को अपने पद का दायित्व निभाने के लिए प्रेरित किया। कन्या भारती का गठन मंत्रिमंडल राजनीति की प्रथम सीढ़ी है, इसके बाद ही छात्राएं देश-प्रदेश की राजनीति की ओर अग्रसर होते हैं। संचालन डॉ. पायल गर्ग ने किया। विद्यालय की प्रबंध समिति अध्यक्ष मनमोहन गुप्ता, आनंद प्रकाश अग्रवाल, डॉ. विनोद कुमार, धर्मपाल गुप्ता, अनिल पंवार, सीमा श्रीवास्तव, रामबहादुर रस्तोगी आदि रहे।