चंदसारा अंडरपास की खामियां होंगी दूर
मेरठ। चंदसारा रेलवे अंडरपास में भरे बारिश के पानी में डूबने से हुई बच्चे की मौत और शुक्रवार को फंसी स्कूल बस की घटना के बाद जनप्रतिनिधि और अधिकारी हरकत में आये। शनिवार को सांसद राजेंद्र अग्रवाल मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि इस अंडरपास की खामियों को दूर कराया जाएगा। इस दौरान ग्रामीणों ने अंडरपास को लेकर उनसे रोष जताया। ग्रामीणोें ने कहा कि उन्हें यह अंडरपास नहीं चाहिए, क्योंकि जरा सी बारिश में यह मुसीबत बन जाता है। इस दौरान मौके पर मौजूद रेलवे और अंडरपास बनाने वाली कंपनी के अधिकारियों से सांसद ने वार्ता की और निर्देश दिया कि वह इस जलभराव की खामियों को देखें और उसे तत्काल दूर करें।