लागोस इंटरनेशनल चैलेंज में मनु अत्री ने जीता स्वर्ण
मेरठ। नाइजीरिया में लागोस इंटरनेशनल चैलेंज में इंटरनेशनल शटलर मनु अत्री ने दो स्वर्ण पदकों पर कब्जा जमाया। नाइजीरिया में 18 से 21 जुलाई तक हुई बैडमिंटन चैलेंज में मेरठ के मनु अत्री ने पुरूष जोड़ी में सुमित रेड्डी के साथ खेल दिखाया। जिसमें दोनों की जोड़ी ने 21- 12, 21- 12 के अंतर से प्रकाश, वैभव की जोड़ी को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया। उसके बाद मुकाबला मिक्स डबल में हुआ। मनु अत्री ने साथी मनीषा के साथ खेलते हुए प्रतिद्वंदी रोहन व कुहू को 21- 17, 22- 20 के अंतर से हराकर दूसरा स्वर्ण पदक प्राप्त किया। जीत पर मनु अत्री को बधाई दी गई। जानकारी हो कि मेरठ के शटलर मनु अत्री का चयन जकार्ता में होने वाले एशियन गेम्स के लिए पहले ही हो चुका है। जिसकी तैयारी वह हैदराबाद में कर रहे हैं। पिता पूर्व उपक्रीड़ा अधिकारी राजाराम अत्री ने बताया कि मनु अब चाइना में 31 जुलाई से 5 अगस्त तक होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने के लिए 25 जुलाई को रवाना होंगे। स्वर्ण पदक जीतने पर मनु अत्री को बधाई दी गई।