मेरठ। वार्ड नंबर 35 के उत्तम नगर के लोगों ने बृहस्पतिवार को सूरजकुंड स्थित कैंप कार्यालय पर महापौर सुनीता वर्मा से मुलाकात की। लोगों ने बताया कि टीपीनगर थाने के बराबर से कॉलोनी को जा रहे रास्ते पर एक दर्जन डेयरी खुली हैं। इन डेयरियों में करीब 100 पशु हैं, जिनका गोबर नालियों में बहाया जा रहा है। इससे कॉलोनी की नालियां चौक हो गई हैं और रास्ते पर भी गोबर बहता रहता है। पंकज ने बताया कि उत्तम नगर में कूड़े उठाने की भी कोई व्यवस्था नहीं है। यहां का सारा कूड़ा मंदिर के सामने डाला जा रहा है। डेयरी मालिकों को गोबर का इंतजाम करने को कहते है तो वह गालियां देते हैं। महापौर ने समस्या दूर कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचकर मंडलायुक्त डॉ. प्रभात कुमार से भी गुहार लगाई। मंडलायुक्त ने जांच कराकर समाधान कराने का आश्वासन दिया।