कुपोषित बच्चों के पोषण के निर्देश
गागलहेड़ी। जिला विकास अधिकारी मंशाराम यादव ने एडीओ आइएसबी योगेंद्र कुमार के साथ मिशन अंत्योदय योजना एवं राष्ट्रीय पोषण मिशन के तहत चयनित ग्राम पंचायत खुर्द का बृहस्पतिवार को निरीक्षण किया। डीडीओ मंशाराम यादव ने केंद्र पर दो अति कुपोषित बच्चों को शीघ्र पोषण करने के निर्देश दिए। साथ ही बबली पत्नी प्रमोद के बच्चे को शीघ्र जिला अस्पताल में पोषण पुनर्वास केंद्र में एडमिट कराने को कहा। जिला विकास अधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र में वॉल पेंटिंग/जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण किया और आंगनबाड़ी केंद्र में नीम के पौधों का रोपण कर उनके रखरखाव को निर्देशित किया। प्राथमिक विद्यालय खुर्द में निर्माणाधीन स्कूल शौचालय का निरीक्षण भी किया गया। उत्कृष्ट डिजाइन व कार्य के लिये ग्राम प्रधान इजहार हसन की प्रशंसा भी की। इस दौरान ग्राम पंचायत विकास अधिकारी योगेन्द्र सिंह पुंडीर, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर, आशाएं और ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।