कंकरखेड़ा। नौचंदी मैदान स्थित पटेल मंडप में 19 नवंबर को होने वाले कर्त्तव्य राष्ट्रीय पार्टी के सम्मलेन की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं ने आत्ममंथन किया। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसी किरन जाटव के अनुसार हाईवे स्थित पार्टी के कैंप कार्यालय पर शुक्रवार को कार्यकर्ताओं की एक मीटिंग का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में मुख्यातिथि राज्यसभा सांसद व एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन सुभाष चंद्रा मौजूद रहेंगे। सम्मेलन में पार्टी की नीतियों और विचारों से एक दूसरे को अवगत कराया जाएगा। आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर चुनाव लड़ेगी। सपा सरकार में दर्जा प्राप्त मंत्री व एससी/एसटी आयोग की सदस्य रही किरन जाटव ने कहा कि उन्होंने सपा से इसलिए नाता तोड़ लिया कि पार्टी के शीर्ष पदाधिकारियों की नीतियाें से वे संतुष्ट नहीं थी। इसलिए उन्होंने अलग पार्टी का निर्माण किया है। इसे जल्द बड़े स्तर पर ले जाएंगी।