तक्षशिला कॉलोनी के बाहर दसवीं फेल फर्जी दरोगा गिरफ्तार
मेरठ। गढ़ रोड स्थित तक्षशिला कॉलोनी के बाहर शनिवार को दसवीं फेल फर्जी दरोगा शावेज निवासी सरवट रोड मदीना कॉलोनी, मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी दरोगा की वर्दी पहनकर वाहनों की चेकिंग करने के बहाने वसूली करने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। इसमें पता चला कि वह वसूली के साथ रौब जमाने के लिए फर्जी दरोगा बनकर घूमता था। दो घंटे तक दूसरा नाम बताकर पुलिस को भ्रमित करता रहा।
एसपी सिटी पीयूष सिंह ने बताया कि शनिवार दोपहर इंस्पेक्टर मेडिकल अखिलेश गौड़ पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। पुलिस को सूचना मिली कि कॉलोनी के बाहर एक दरोगा वाहनों की चेकिंग कर रहे हैं। दरोगा की वेशभूषा थोड़ी अलग है। पुलिस ने उसके पास पहुंचकर पूछताछ की तो उसने नाम अंजू सैनी बताया और पंजाब के बाघा बॉर्डर से ट्रेनिंग की बात की। पुलिस उसे पकड़कर थाने ले आई। बाद में पता चला कि आरोपी शावेज है दो दिन पहले मेरठ से ही उसने दरोगा की वर्दी खरीदी थी।
वह गांव में खेतीबाडी के साथ मजदूरी भी करता है। दरोगा की वर्दी का रौब दिखाकर वह अवैध वसूली करना चाहता था। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना कि आरोपी का मुजफ्फरनगर से भी रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। मेडिकल क्षेत्र में उसका क्या कनेक्शन है, यह जानने का प्रयास किया जा रहा है।