मामूली विवाद पर पथराव, सांप्रदायिक तनाव
कंकरखेड़ा। फाजलपुर में मंगलवार को मामूली विवाद को लेकर सांप्रदायिक तनाव व्याप्त हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित में की। पुलिस के अनुसार पप्पू पुत्र खालिद निवासी गांव फाजलपुर ने बताया कि गणतंत्र दिवस की शाम गांव के ही दूसरे समुदाय के कुछ युवक मंदिर के सामने खड़े होकर शराब पी रहे थे। जिसका उसकी घर की महिलाओं ने विरोध किया था। जिसके बाद दोनों पक्षों में गालीगलौज हो गई थी। उस वक्त दोनों पक्षों को लोगों ने समझाकर शांत कर दिया था। पप्पू ने आरोप लगाते हुए बताया कि मंगलवार को फिर से आरोपी युवक मंदिर के पास खड़े थे और रास्ते से आ जा रही महिलाओं पर छींटाकशी कर रहे थे। महिलाओं ने विरोध किया तो आरोपी गालीगलौज करने लगे। आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी युवतों ने विरोध कर रही महिलाओं के घरों पर पथराव कर दिया। महिलाओं ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। जिन्हेें देखकर आरोपी भाग गए। पीड़ित पक्ष ने चार लोगों के खिलाफ नामजद व एक दर्जन अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर दी है। इंस्पेक्टर एपी मिश्रा का कहना है कि दोनों पक्षों में मामूली विवाद हुआ था। तहरीर मिल गई है। जांच की जा रही है।