गैस एजेंसी के कर्मचारियों पर फायरिंग कर लूटे सवा लाख
- कैंट में की वारदात, गोदाम से नकदी लेकर जा रहे थे बांबे बाजार स्थित ऑफिस
मेरठ। कैंट स्थित इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के सामने शुक्रवार को दिनदहाड़े बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने पासी गैस एजेंसी के कर्मचारियों को गन प्वाइंट पर लेकर सवा लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग की औा हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। एसपी सिटी, सीओ कैंट समेत सदर बाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। मौके से एक खोखा बरामद किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे और तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जवाहर क्वार्टर कल्याणी कॉलोनी निवासी शशि पासी का बांबे बाजार में पासी गैस एजेंसी के नाम से ऑफिस है औा गोदाम शिवाजी रोड स्थित वैश्य अनाथालय के सामने है। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे चार कर्मचारी श्रद्धापुरी फेस दो निवासी सूरज, इनका भाई गुलाब, संजय नगर निवासी खुशीराम उर्फ छोटे लाल और करीम नगर निवासी रिजवान अलग-अलग दोपहिया वाहनों से गोदाम से करीब 1.25 लाख रुपये रुपये लेकर बांबे बाजार ऑफिस में जमा करने जा रहे थे। इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के सामने एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने खुशीराम उर्फ छोटे लाल और और गुलाब की बाइक पर पैर मारकर उन्हें नीचे गिरा दिया। चारों कर्मचारियों ने दोनों बदमाशों को घेर लिया। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पिस्टल से गोली चला दी और खुशीराम के हाथ से नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। सूचना पर एसपी सिटी पीयूष सिंह, सीओ कैंट रूपाली राय मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। वहीं, सदर बाजार के व्यापारी नेता सुनील दुआ मौके पर पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके बाद गैस एजेंसी संचालिका शशि पासी सदर बाजार थाने पहुंची और तहरीर दी। सदर बाजार पुलिस सीसीटीवी और तहरीर के आधार पर जांच पड़ताल करने में जुटी हुई है।
फूट-फूटकर रोया कर्मचारी, मैडम बोली चिंता मत करो
थाने में डिलीवरी मेन संजय पुलिस के सामने फूट-फूटकर रोने लगा। एजेंसी संचालिका शशि पासी बोली- चिंता मत करो। रोने की जरूरत नहीं है। पुलिस आरोपियों को पकड़कर कार्रवाई करेगी। एसपी सिटी ने सदर बाजार थाने पहुंचकर सभी कर्मचारियों से घटना के बारे में पूछताछ की।
...कई दिन से कर रहे थे रेकी
पुलिस का मानना है कि बदमाश कई दिन से रेकी कर रहे थे। पुलिस गोदाम के पास जहां से नकदी लेकर गैस एजेंसी कर्मचारी चले थे, वहां से लेकर इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के पास तक की सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हुई है।
वर्जन..
गैस एजेंसी के कर्मचारियों पर फायरिंग कर लूट की वारदात की गई है। मौके से एक खोखा बरामद किया गया है। कैंट में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक करने के निर्देश दिए हैं। जांच पड़ताल चल रही है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -पीयूष सिंह, एसपी सिटी