मऊ। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के अमारी गांव स्थित ट्यूबवेल पर मंगलवार की देर शाम एक युवक संदिग्ध हालात में आग से गंभीर रूप से झुलस गया आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान बुधवार की सुबह उसकी मौत हो गई। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक सहमत (40) पुत्र कुद्दुस रानीपुर थाना क्षेत्र के खुरहट गांव का निवासी था। वह मंगलवार की शाम किसी काम से अमारी गांव गया हुआ था। सहमत मंगलवार की शाम गांव स्थित एक ट्यूबवेल पर चला गया और शरीर में आग लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। आग की लपटें देख खेत में काम कर रहे किसानों ने दौड़कर किसी तरह आग बुझाया और इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान बुधवार की सुबह सहमत की मौत हो गई। परिवार के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं। थानाध्यक्ष सरायलखंसी राम सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में जाच पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ पता चलेगा।