कोपागंज। थाना क्षेत्र के कुर्थी जाफ़रपुर में सोमवार की रात पार्टी के दौरान एक युवक की तबीयत खराब हो गई। तत्काल उसे एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को युवक के परिवारजनों ने ब्रेन हेमरेज से मौत बताकर कोई कार्रवाई न करने की बात करते हुए पोस्टमार्टम से इंकार कर दिया। उधर, पुलिस पार्टी करने वाले युवकों की तलाश में जुट गई है। कुर्थी जाफ़रपुर निवासी धर्मवीर मद्देशिया (35) पुत्र स्व. सूर्यबली मद्देशिया सोमवार की रात बगल के ग्राम सभा चौबेपुर में अपने एक दोस्त के यहां पार्टी करने गया था। इसी दौरान उसकी हालत खराब होने लगी। दोस्तों ने तत्काल इसकी सूचना युवक के परिवारजन को देते हुए जिला मुख्यालय स्थित एक एक निजी अस्पताल ले गए। जहां मंगलवार की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस को युवक के परिवारजनों ने ब्रेन हेमरेज से मौत बता कोई कार्रवाई न करने की बात कह शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। थानाध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने बताया कि युवक की मौत ब्रेन हेमरेज से हुई है। परिवार वाले कोई कार्रवाई करने से इंकार कर रहे हैं। लेकिन लॉकडाउन में पार्टी करने वालों की छानबीन की जा रही है। पार्टी की बात सही होने पर संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।