मधुबन। कोरोना काल में तमाम लोग लापरवाही बरतते हुए बिना मास्क बाहर निकल रहे हैं। ऐसे में पिता की तबियत खराब होने पर दिल्ली से लौटे युवक ने साधन नहीं मिलने पर सामान लेकर तीन किमी दूर अपने गांव पैदल पहुंचा। कुछ लोगों ने उसे लिफ्ट देने की कोशिश की लेकिन उसने दिल्ली से लौटने की बात कहकर सहायता लेने से इनकार कर दिया। खुद एक कमरे में क्वारंटीन रहते हुए दूसरो को सामाजिक दूरी पालने करने और मास्क लगाने की अपील की। मधुबन तहसील के हृदयपट्टी निवासी राकेश सिंह (31) पुत्र अवधेश सिंह ने बताया कि वह दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। गत दिनों पिता के टाइफाइड होने की सूचना पर वह बस से बृहस्पतिवार को मऊ पहुंचा। एक वाहन से वह कटघराशंकर मोड़ तक पहुंचा। यहां से वह सामान लेकर पैदल ही अपने गांव हदयपट्टी को चल पड़ा। बताया कि पिता, पत्नी तथा दो पुत्र के लिए सामान लिया है। इसके अलावा अन्य सामान भी है। धूप में उसे जाते देखकर बाइक सवार युवकों ने उसे गंतव्य स्थान पर छोड़ने की पेशकश की लेकिन राकेश ने खुद दिल्ली से लौटने की बात कहकर लिफ्ट लेने से इंकार कर दिया। युवक ने बताया कि उसने घर के लोगों से पहले से अपने लिए घर के बाहर बने कमरे में आवश्यक सामान रखने के लिए कह चुका था। जिससे वह घर पहुंचने पर आगामी 14 दिनों तक क्वारंटीन रह सके। बताया वह शुक्रवार को अपनी जांच भी कराएगा।