मधुबन। सिपाह इब्राहिमाबाद निवासी व्यक्ति ने गांव के तीन लोगों सहित पांच लोगों के विरुद्ध धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि उसे शराब पिलाकर आरोपियों ने उसकी जमीन लिखवा ली। दर्ज मुकदमे के अनुसार मधुबन थाना क्षेत्र के सिपाह इब्राहिमाबाद निवासी विनोद ने बताया कि गांव के ईश्वरचन्द गुप्ता, रवि गुप्ता और सरला देवी ने उसे पहले विश्वास में लेकर जमीन लिखवाने की बात कही। जिस पर उसने अपनी जमीन बेचने के लिए मूल्य निर्धारित किया। आरोप लगाया कि इन तीनों ने गवाह बेलागदायन पट्टी निवासी बृजेश शर्मा तथा ककराडीह निवासी अश्विन मिश्रा के साथ मिलकर जालसाजी करते हुए उसे शराब पिलाई। इसके बाद जमीन को निर्धारित मूल्य से काफी कम पैसा देकर रजिस्ट्री करा ली।
होश में आने के बाद उसे जालसाजी की जानकारी हुई। इसके बाद उसने जमीन के लिए निर्धारित मूल्य की मांग करने लगा। लेकिन आरोपियों ने न तो भुगतान किया न ही उसकी जमीन लौटाई। आरोप लगाया कि पीड़ित ने इस संबंध में मधुबन थाने में तहरीर दी लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। उसने कोर्ट का शरण ली। कोर्ट के आदेश के बाद मधुबन पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।