शारदीय नवरात्र की सप्तमी को शीतला माता धाम पर दर्शन के लिए उमड़ी महिलाओं की भीड़।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। नवरात्र के सातवें दिन रविवार को दुर्गा मंदिरों में सप्तम कालरात्रि की आराधना की गई। दूर दराज से आए श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाकर मंगलकामना की। श्रद्धालुओं के जयकारे से वातावरण गूंजता रहा।नगर के शीतला माता मंदिर, रोडवेज स्थित दुर्गा मंदिर, फातिमा तिराहा स्थित दुर्गा मंदिर, वनदेवी धाम, निधियांव गांव का अष्टभुजी मंदिर सहित विभिन्न देवी मंदिरों मेें तड़के भक्तों का रेला लगा रहा। मान्यता है कि काली की पूजा से सब कुछ सिद्ध होता है। नवरात्र में सप्तमी का विशेष महत्व है। शक्ति की उपासना करके फल की प्राप्ति के लिए हर रोज भारी संख्या में श्रद्धालु मां का दर्शन कर रहे हैं। मां के जयकारे तथा भक्तों की भारी भीड़ से प्रमुख मंदिर परिसर में मेला जैसा दृश्य हो गया है। कोई नारियल, चुनरी सहित मिष्ठान चढ़ाकर मां की आराधना कर रहा है तो कोई पूड़ी हलवा चढ़ाकर मां का पूजन अर्चन कर रहा है। उधर, नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में दुर्गा प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा के बाद देर शाम तक चहल-पहल बढ़ गई है। नगर के बने दुर्गा पंडालों को देखने और मां के दर्शन के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से भारी संख्या में लोगों के आने से देर शाम तक मेला जैसा दृश्य रहा। भक्तों के जयकारे तथा भक्तिगीतों के बजने से वातावरण भक्तिमय हो गया है।