घोसी। कोतवाली क्षेत्र के बस स्टेशन के पास एक दुकान पर खरीददारी करने गई महिला संदिग्ध परिस्थिति में गायब हो गई। पत्नी के काफी देर बाद वापस न लौटने पर दुकान पर पहुंचने पर पति को घटना की जानकारी हुई। उसने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। कोपागंज थाना क्षेत्र के नौसेमर गांव निवासी मोनू कुमार ने बताया कि उसकी पत्नी सविता गोफा स्थित एक महाविद्यालय में बीए तृतीय वर्ष की परीक्षा दे रही है। बुधवार को वह अंतिम परीक्षा दिलाकर वापस अपने गांव लौट रहा था। बस स्टेशन पर एक जनरल स्टोर से कुछ सामान लाने की बात कहकर उसकी पत्नी दुकान में चली गई। वह सड़क किनारे बाइक को पार्क कर उसका इंतजार कर रहा था। उसकी पत्नी काफी देर बाद वापस नहीं लौटी तो वह दुकान में पहुंचा तो पत्नी नहीं मिली। दुकानदार ने बताया कि उनकी पत्नी सामान खरीदकर तुंरत चली गई थी। बताया कि पत्नी का मोबाइल भी बंद बता रहा है। पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी है।