मधुबन में कच्ची शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करते एसडीएम लालबाबू दुबे व सीओ आर पी सिंह याद?
- फोटो : MAU
मधुबन। लॉकडाउन में शराब की दुकानें बंद होने पर देशी शराब की तस्करी बढ़ गई है। मंगलवार को मधुबन तहसील में विभिन्न जगहों पर स्थानीय प्रशासन ने पुलिस और आबकारी विभाग के साथ मिलकर संयुक्त छापेमारी कर तीन कुंतल लहान नष्ट कराने की कार्रवाई की। संयुक्त छापेमारी के बावजूद शराब तस्कर फरार होने में सफल रहे। मधुबन तहसील के विभिन्न क्षेत्रों में ईट भठ्ठे पर देशी शराब की तस्करी की सूचना मिलने पर सोमवार की देर शाम एसडीएम लालबाबू दुबे के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी आरपी सिंह यादव तथा जिला अबकारी अधिकारी जेजे प्रसाद, आबकारी निरीक्षक पंकज प्रसाद ने छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान संयुक्त टीम ने दरगाह, बेलौली, भैरोपुर, सुग्गीचौरी, नंदौर, चचाईपार आदि क्षेत्रों के ईट भठ्ठो पर छापेमारी कर देशी शराब बनाने के लिए रखी गई लगभग तीन कुंतल लहन नष्ट किया गया। हालांकि सूचना लीक होने के चलते किसी भी जगहों पर कोई तस्कर गिरफ्त में नहीं आ सका। सीओ आरपी सिंह यादव ने बताया कि तस्करी की सूचना पर ईट भट्ठों पर कार्रवाई की गई।