स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के जमालपुर पोखरा स्थित चाइल्ड केयर सेंटर में बुधवार की दोपहर में छत पर रखे लोहे के सरिया में करंट उतर गया। इससे अनभिज्ञ सेंटर की दो महिलाएं जब सूखने के लिए रखे कपड़े लेने गई तो करंट की चपेट में आने से झुलस गई। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के मुहम्मदाबाद गोहना नगर पंचायत के जमालपुर पोखरा मोहल्ला स्थित चाइल्ड केयर सेंटर में कार्यरत हिमा (35) पत्नी राम छतर और रोशनी (17) पुत्री रमेश कर्मचारी है। बुधवार को सेंटर के तीसरी मंजिल के छत पर सरिया पर सूखने के लिए रखे कपड़े लेने गई हुई थी। जहां पहले से सरिया में छत से गुजरी हाईटेंशन तार से करंट प्रवाहित हो रह था। कपड़ा उतारने के दौरान हिमा तथा रोशनी इसके जद में आने से झुलस गई। उधर, सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को मुहम्मदाबाद गोहना सीएचसी लाकर भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया ।