रतनपुरा। हलधरपुर थाना क्षेत्र शनिवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे हलधरपुर रेलवे हाल्ट पर ट्रैक पार करते समय एक बाइक इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट मेंं आ गई। गनीमत रहा कि बाइक पर सवार दाे लोग बाल-बाल बच गए। ट्रेन में बाइक फंसने के बाद करीब पांच सौ मीटर तक घिसटती रही। कुछ देर बाद किसी तरह चालक कोे जानकारी मिली तो ट्रेन को रोका गया।
करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह बाइक को ट्रेन के नीचे से निकाला गया। घटना के बाद वहां पर अफरातफरी मच गई। करीब 45 मिनट बाद बाइक को ट्रेन से निकलने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया। सूचना मिलने के बाद रेलवे के अधिकारी और पुलिस भी पहुंची। हालांकि घटना के बाद बाइक सवार दोनों वहां से फरार हो गए। गाड़ी के नंबर के आधार पर पुलिस जांच में जुटी रही। इंदारा के जीआरपी चौकी प्रभारी हृदयनाथ तिवारी ने बताया कि कोई जनहानि नहीं हुई है। क्षतिग्रस्त बाइक के नंबर के आधार पर बाइक स्वामी की जांच हो रही है।
खतरे में जान डाल रेलवे ट्रैक पार कर रहे लोग
हलधरपुर। एकमात्र हलधरपुर रेलवे स्टेशन पर ओवरब्रिज या अंडरपास न होने से दर्जनों गांव के हजारों नागरिकों को प्रतिदिन अपनी जान हथेली पर लेकर रेलवे ट्रैक पार करना पड़ता है।
रेलवे स्टेशन के दक्षिण में स्थित जमालपुर, बस्ती, बहरवार, तुर्कगड़वा, खड़ारगाड़ी, बकुची डाड़ीडीह, अरदौना इटौरा आदि सहित सहित दर्जनों गांव के हजारों लोगों को मऊ, रतनपुरा, बलिया आदि स्थानों के लिए जाने के लिए थलईपुर चट्टी आना पड़ता है। यहां से विभिन्न साधनों से लोग अपने जरूरत के स्थानों की यात्राएं करते हैं। कभी-कभी ट्रैक को पार करते समय बीच में बाइक फंस जाती है या फिसलकर गिर जाने से बाइक सवार घायल भी हो जाते हैं।
विद्युतीकरण के बाद इस रास्ते पर तेज गति से चलने वाली ट्रेनें अक्सर आती-जाती रहती हैं। लोगों के लिए दुख की बात यह है कि विभाग इनकी सुधि लेने को तैयार नहीं है। स्थानीय मुन्नू राय, नागेंद्र राय, राम बच्चन, सुशील खरवार, प्रवीण मिश्रा, दिनेश गुप्ता आदि ने विभाग का ध्यान आकृष्ट करा लोगों के सुगमता से रेलवे ट्रैक पार कराने की मांग की।