वलीदपुर। शासनादेश के बावजूद नगर पंचायत अभी तक कचरा डंपिंग ग्राउंड के लिए भूमि का चयन नहीं कर पाई है। इसके चलते नगर पंचायत द्वारा वार्डों से निकलने वाले कचरा जहां खाली जगह मिल रही है, वही डंप किया जा रहा है। वलीदपुर नगर पंचायत के पास डंपिंग ग्राउंड न होने के चलते नगर पंचायत द्वारा वार्डो से निकलने वाला कचरे को सड़क के किनारे खुले में डंप किया जा रहा है। इससे नगर वासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर पंचायत की ओर से मुहम्मदाबाद गोहना घोसी मार्ग पर खाली जमीन पर कचरा डंप किया जा रहा है। इससे निकलने वाली भीषण दुर्गंध से सड़क से आने-जाने राहगीरों तथा नगर वासियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी जिम्मेदारों द्वारा इस समस्या से निजात का प्रयास नहीं किया जा रहा है। ईओ नीतेश गौरव ने बताया कि कचरा डंपिंग ग्राउंड के लिए जमीन चिहिन्त करने का प्रयास किया जा रहा है। जमीन उपलब्ध हो जाने पर वहां कचरा डंप कर उसे निस्तारित किया जाएगा।