यूक्रेन से लौटने के रतनपुरा में अपने परिवार के साथ शिवम यादव।
- फोटो : MAU
मऊ/मुहम्मदाबाद गोहना/रतनपुरा। जिले में शुक्रवार को यूक्रेन से दो छात्र अपने घर लौटे तो परिवार वाले खुशी से झूम उठे। मुंशीपुरा के उस्मान अंसारी और रतनपुरा के शिवम यादव से मिल कर लोगों ने उनके आने पर खुशी जताई। उस्मान को देखते ही उसकी मां लिपट कर फफक पड़ी और बेटे को सही सलामत देख खुदा का शुक्रिया अदा किया। उस्मान 2017 में यूक्रेन के डेनीएप्रोच मेडिकल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करने गया था। युद्ध का माहौल होने पर दूतावास से एडवाइजरी जारी होने पर 24 फरवरी को फ्लाइट बुक कराई। इसी बीच हमला शुरू हो गया। साथियों संग किसी तरह बार्डर पार कर पोलैंड पहुंचा। जहां से दूतावास के अधिकारियों ने नई दिल्ली भेजा। शुक्रवार को उस्मान घर पहुंचा तो मां ने उसे कलेजे से लगा लिया और फफक पड़ी। पिता बेलाल, भाई मुहम्मद उमर भी खुशी के आंसू नहीं रोक सके। मुहल्ले वासी उसकी कुशल क्षेम पूछते रहे। रतनपुरा: कस्बे के शिवम यादव भी शुक्रवार को घर पहुंचे तो परिवार वालों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने उसकी वापसी पर भगवान का धन्यवाद किया। आसपास के लोग भी उसे मिलकर वहां के गुजरे दिनों के बारे मेें पूछते रहे। मुहम्मदाबाद गोहना : कस्बा के कैलेंडर निवासी शिवबचन यादव की पुत्री अंजली यादव के यूक्रेन में एमबीबीएस की पढ़ाई करने की जानकारी पर उसका हाल जानने शुक्रवार को तहसीलदार राहुल गुप्ता घर पहुंचे तो वह घर पर ही मौजूद मिली। उसने बताया कि वह यूक्रेन में एमबीबीएस चौथे साल की पढ़ाई कर रही है। बताया कि वह पहले यूक्रेन से दुबई गई और फिर दिल्ली वापस आई। वहां से 24 फरवरी को घर वापस पहुंची।