सीसीटीवी कैमरे में डंडों संग दिख रहे लोग। संवाद
- फोटो : संवाद
चिरैयाकोट। स्थानीय थाना क्षेत्र के विशनपुर गांव में डीजे बजाने को लेकर कहासुनी के बाद 25 से 30 युवकों ने भोर में घर पहुंचकर मारपीट और तोड़फोड़ की। घटना 26 नवंबर की भोर की है। पूरी घटना गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों कैद हो गई। जहां कैमरे दिखे युवकों ने ईंट पत्थर मारकर तोड़ दिए। पीड़ित पांच दिन से थाने का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है। पीड़ितों ने 27 नवंबर की दोपहर पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र दिया, लेकिन वहां से जांच थाने पर भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक को सौंपे प्रार्थनापत्र में विशुनपुर गांव निवासी नीरज कुमार दूबे ने बताया कि 25 नवंबर की रात 12 बजे गांव में धनुष यज्ञ मेला का आयोजन किया गया था। गांव के ही कुछ युवक स्टेज पर चढ़कर अभद्रता करने लगे। कमेटी के सदस्यों ने उन्हें ऐसा करने और डीजे की आवाज धीरे करने के लिए कहा तो, गाली गलौज करने लगे। कार्यक्रम समाप्ति के बाद सभी अपने अपने घर चले गए। 26 नवंबर की भोर में करीब एक बजे 25 से 30 युवक लाठी, डंडा और धारदार हथियार से लैस होकर ब्राह्मणों के मुहल्ले में पहुंचे। घर के बाहर तोड़फोड़ करते हुए दरवाजा तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किए और सिलिंडर सहित कीमती सामान उठा ले गए। घर के अंदर भी तोड़फोड़ की। विरोध करने पर मृदुल दूबे और पत्नी साधना दूबे को मारपीट कर घायल कर दिए। इनके साथ ही कई अन्य घरों में पहुंचकर तोड़फोड़ क। ये पूरी घटना घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। थानाध्यक्ष सुभाषचंद्र ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है। कुछ युवकों की पहचान हो गई है, कुछ ने चेहरे पर गमछा बांधा है।