फतेहपुर मंडाव। रामपुर थाना क्षेत्र के फतहपुर मंडाव स्थित पंजाब नेशनल बैंक का सायरन रविवार को अचानक बजने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बैंक कर्मियों को बुलाया और अपने बज रहे सायरन को बंद कराया। थानाध्यक्ष कंचन मौर्या ने बताया कि चूहे के तार काटने से सायरन अपने आप बज रहा था। रविवार के चलते फतहपुर मंडाव ब्रांच का पंजाब नेशनल बैंक बंद था। दोपहर करीब एक बजे अचानक बैंक के अंदर सायरन बजने लगा। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। बैंक कर्मियों के साथ पुलिस बैंक के अंदर पहुंची तो वहां कोई नहीं था।